नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों का साथ कांग्रेस बढ़-चढ़कर देना चाहती है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के शिकार हुए तमाम परिवारों से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा मुलाकात कर चुकी हैं। अब वह बुधवार को आजमगढ़ पहुंच रही हैं।प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि पिछले दिनों आजमगढ़ के बिलरियागंज में चल रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने बर्बरता की थी। उन्हीं पीड़ितों से प्रियंका मिलेंगी। वहीं, उत्तरप्रदेश लोकसेवा आयोग के निर्णय पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पीसीएस समेत अन्य परीक्षाओं में आरक्षण के प्रावधान पर बदलाव किए गए हैं। इससे संविधान में वर्णित न्याय की संकल्पना का उल्लंघन हुआ है। कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।बता दें कि आजमगढ़ में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ मौलाना जौहर पार्क बिलरियागंज में धरना-प्रदर्शन चल रहा था। इस पर आंदोलनकारियों के खिलाफ पुलिस ने कई मुकदमे दर्ज किये और कई को जेल में बंद कर दिया। कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने जेल में बंद आंदोलनकारियों से भी मुलाकात की है। अब इस क्रम में प्रियंका गांधी वाड्रा विरोध करने वाले लोगों से मुलाकात करने आजमगढ़ जा रही हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा इससे पहले यूपी में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ आंदोलन कर रहे लोगों से मिल चुकी हैं। इस संबंध में वह बिजनौर, मेरठ और फिर लखनऊ का दौरा भी कर चुकी हैं।27 जनवरी, 2020 को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से यूपी पुलिस की शिकायत की थी। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर नागरिकता संशोधन कानून की खिलाफ प्रदर्शन करने वालों पर बर्बरता करने का आरोप लगाया था। इसी के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव से जवाब तलब किया था।